नई दिल्ली। शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में बदमाशों ने रविवार रात एक एसआई की पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। विवेक विहार थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपित विजय भूरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपित विवेक विहार इलाके का (बीसी) घोषित बदमाश है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
राजकुमार परिवार के साथ विवेक विहार में रहते थे। वह दिल्ली पुलिस में बतौर एसआई कार्यरत थे। फिलहाल उनकी तैनाती सिक्योरिटी में थी। पुलिस के अनुसार कस्तूरबा नगर में पुलिस ने पिकेट लगा रखी थी। देर रात आरोपित अपने कुछ साथियों के संग वहां आया। इधर राजकुमार भी खाना खाकर टहल रहे थे। वह टहलते हुए पिकेट के पास पहुंचे। जहां उनका विजय से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजकुमार की पिटाई कर दी। पीडि़त को अधमरा करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गये। इधर मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राजकुमार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।